पटना (अशोक “अश्क”) भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक ‘बाहुबली’ एक दशक बाद फिर से दर्शकों के सामने आने को तैयार है। इस बार यह महाकाव्य एक नए और भव्य रूप में पेश किया जा रहा है। फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने ‘बाहुबली: द एपिक’ का टीजर रिलीज कर दिया है, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।

‘बाहुबली: द एपिक’ दरअसल ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ और ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ को मिलाकर एक सिंगल कट वर्जन है, जिसका कुल रनटाइम 5 घंटे 27 मिनट है। फिल्म 31 अक्टूबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होगी। यह फिल्म तेलुगू, हिंदी, तमिल और मलयालम भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी।
1 मिनट 17 सेकंड लंबे टीजर में दोनों फिल्मों के सबसे यादगार और भावनात्मक दृश्यों को जोड़ा गया है। शिवगामी द्वारा बालक बाहुबली को गोद में उठाने से लेकर कटप्पा द्वारा बाहुबली की हत्या तक—टीजर ने पुराने दर्शकों की यादें ताजा कर दी हैं। मेकर्स ने टीजर के साथ लिखा है, “10 साल पहले, एक कहानी ने भारतीय सिनेमा को नई परिभाषा दी। दो फिल्में। एक नाम।”
टीजर पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी भावनाओं से भरी हुई हैं। एक यूज़र ने लिखा, “री-रिलीज थोन – 1000 करोड़ पक्का!! जय प्रभास, जय महिष्मति।” दूसरे फैन ने कहा, “री-रिलीज भी रिकॉर्ड तोड़ देगी।” एक अन्य ने लिखा, “कोई भी इस फिल्म को छू भी नहीं पाएगा।” वहीं, चौथे फैन ने टिप्पणी की, “एक बार फिर दुनिया प्रभास का धमाल देखेगी।”
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों की बात करें तो Sacnilk के अनुसार, ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ ने करीब 650 करोड़ रुपये और ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ ने 1788 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। अब जब ये दोनों पार्ट्स एक साथ स्क्रीन पर लौटेंगे, तो यह देखना रोचक होगा कि यह संस्करण कितनी बड़ी सफलता हासिल करता है।
‘बाहुबली: द एपिक’ के साथ दर्शकों को महिष्मती साम्राज्य की पूरी कहानी एक ही बार में देखने का मौका मिलेगा। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास का एक अध्याय है, जो एक बार फिर लिखने को तैयार है।

