समस्तीपुर, 17 सितंबर (राजेश झा) प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार जिले से “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य की समग्र जाँच के माध्यम से परिवार और समाज को सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री ने देश की सभी महिलाओं से अनुरोध किया कि वे इस अभियान के तहत अपनी नियमित स्वास्थ्य जाँच अवश्य कराएं।

इस विशेष स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जाँच, रक्तचाप व रक्त शर्करा जाँच, कैंसर स्क्रीनिंग, सिकल सेल एनीमिया की पहचान, ईएनटी जाँच, नेत्र परीक्षण एवं मानसिक स्वास्थ्य परामर्श जैसी सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। साथ ही ज़रूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क चश्मा भी वितरित किया जाएगा।
धार जिले में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री राम नाथ ठाकुर ने जिला स्तरीय अभियान की शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अभियान का लाभ उठाने की अपील की और नियमित स्वास्थ्य जाँच को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर ज़ोर दिया।
इस अवसर पर रोसड़ा के विधायक श्री विरेन्द्र कुमार, समस्तीपुर के जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सुश्री शैलजा पाण्डे, सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार चौधरी, नजारत उप समाहर्ता श्री रजनीश कुमार राय, डीपीओ (आईसीडीएस) श्रीमती सुनिता, जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. ज्ञानेन्द्र शेखर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य अतिथि, स्वास्थ्य कर्मी, स्वयंसेवी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
यह अभियान महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

