
पटना, 07 जनवरी (पटना डेस्क) पटना हाई कोर्ट को आखिरकार नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। वरिष्ठ न्यायविद जस्टिस संगम कुमार साहू ने बुधवार 7 जनवरी 2026 को पटना हाई कोर्ट के 47वें चीफ जस्टिस के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। पटना के लोक भवन स्थित राजेंद्र मंडप में आयोजित भव्य समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें शपथ दिलाई।

समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, कई मंत्री, हाई कोर्ट के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।जस्टिस संगम कुमार साहू का जन्म 5 जून 1964 को ओडिशा में हुआ था। उन्होंने कटक के नयाबाजार हाई स्कूल से मैट्रिक, स्टीवर्ट साइंस कॉलेज से बीएससी और उत्कल यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी व उड़िया में एमए की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उनका रुझान कानून की ओर हुआ। 26 नवंबर 1989 को उन्होंने ओडिशा बार काउंसिल में वकालत की शुरुआत की। उनके पिता शरद चंद्र साहू ओडिशा के चर्चित आपराधिक वकील रहे हैं।

जस्टिस साहू ने वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. मनोरंजन पांडा के अधीन प्रशिक्षण प्राप्त किया और आपराधिक कानून में विशेष पहचान बनाई। 2 जुलाई 2014 को वे ओडिशा हाई कोर्ट के जज बने और एक दशक से अधिक समय तक न्यायिक सेवा दी।पूर्व चीफ जस्टिस पी.बी. बजंथ्री के सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सुधीर सिंह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे। 18 दिसंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद 1 जनवरी 2026 को उनकी नियुक्ति अधिसूचित हुई।

