
पटना, 24 जनवरी (पटना डेस्क) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि बिहार में आधारभूत संरचना के सशक्त विकास के जरिए राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की ठोस पहल की जा रही है। शनिवार को वैशाली में समृद्धि यात्रा के दौरान पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों का विस्तार, नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और आधुनिक नियोजित शहरों का विकास सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने जनसंवाद को संबोधित करते हुए घोषणा की कि शहरी संपर्कता को मजबूत करने के लिए राज्य में पांच नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण होगा, जबकि ग्रामीण सड़कों को चरणबद्ध तरीके से दो लेन का किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है तथा इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सर्किट आधारित विकास किया जा रहा है। इको टूरिज्म पर भी विशेष जोर रहेगा। नीतीश कुमार ने पटना में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सिटी और सभी जिलों में खेलों के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की बात दोहराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा की 430 स्वीकृत योजनाओं और सात निश्चय-2 व 3 के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ समय पर पूरा किया जाए।

