
मोहम्मद जमशेद, समस्तीपुर/पटोरी : पटोरी स्थित गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेंनिंग कॉलेज में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक विशिष्ट शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दिवंगत शिक्षक की पहचान विभूतिपुर प्रखंड के सुरौली निवासी स्व देव कुमार मिश्र के पुत्र विनोद कुमार मिश्र (52 वर्ष) के रूप में की गई है। वे प्राथमिक कन्या विद्यालय सुरौली, विभूतिपुर में विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। शिक्षक की मौत के बाद पूरे कॉलेज परिसर में मातम पसर गया। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि विभाग के निर्देश पर विशिष्ट शिक्षक विनोद कुमार मिश्र को गवर्नमेंट टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, शाहपुर पटोरी में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था। सोमवार से इस नए बैच का प्रशिक्षण शुरू हुआ। मंगलवार की सुबह वे स्नान – ध्यान के बाद योग सत्र में शामिल हुए। साथ में प्रशिक्षण लेने आए शिक्षकों के अनुसार सुबह नाश्ता करने के वक्त उन्हें तेज हिचकी आयी और उनकी हालत खराब हो गई। अन्य साथियों ने तुरंत उन्हें उसी परिसर में अवस्थित अनुमंडलीय अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज के सभी शिक्षक कर्मी एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 200 शिक्षक तुरंत अस्पताल पहुंच गए। शिक्षक पटोरी थाना क्षेत्र के शाहपुर उंडी निवासी बाइक एजेंसी मालिक संतोष कुमार चौधरी के साला एवं पटोरी प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तारा धमौन में कार्यरत शिक्षिका रागिनी कुमारी के सगे भाई थे। घटना की सूचना पर पहुंची पटोरी पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया।

