
नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना की टीम ने पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अनुष्का कुमारी को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम पूछताछ के बाद उन्हें पटना लेकर चली गई। जानकारी के अनुसार,बीपीआरओ अनुष्का कुमारी एक कार्य से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रही थीं। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें घूस लेते समय ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम द्वारा आवश्यक पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

