

गोपालगंज,निज संवाददाता। सोमवार को जिले के बरौली थाने के बरहिमा के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया,जब राजस्थान से छपरा जा रही एक यात्री बस का टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। तेज रफ्तार बस का संतुलन बिगड़ते ही वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए,जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज गति में थी तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ उसका एक टायर फट गया। टायर ब्लास्ट होते ही चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस लहराते हुए सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। घायलों में छपरा जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के भोरहा गांव निवासी 32 वर्षीय चंद्र प्रकाश, उनकी 28 वर्षीय पत्नी प्रीति देवी, उनके बच्चे दिव्यांश कुमार (2 वर्ष) और शिवांश कुमार (3 वर्ष), भेल्दी थाना क्षेत्र के डेरनी सूतियार गांव निवासी विजय राम का 16 वर्षीय पुत्र विकास कुमार और 30 वर्षीय पत्नी रेखा देवी, मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया कोठी थाना क्षेत्र के नेकनामपुर गांव निवासी बासुदेव पटेल का 36 वर्षीय पुत्र मुकेश राजन, तथा छपरा जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के निवासी नरेश राम (54 वर्ष), उनकी 45 वर्षीय पत्नी शिवरात्रि देवी समेत अन्य यात्री शामिल हैं। डॉ.संतोष कुमार ने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में बस की फिटनेस और ओवरलोडिंग जैसे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

