
गोपालगंज,टीएन मिश्रा। बिहार के चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह से जुड़े हथियार लहराने और अश्लील डांस वीडियो वायरल मामले में गोपलगंज के विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में सोमवार को अहम सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रखते हुए वहीं अनंत सिंह को बड़ी राहत दी है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 मई को होगी। इस मामले में कुल नौ आरोपी नामजद हैं,लेकिन अदालत का रुख खास तौर पर ध्यान खींचने वाला रहा। सभी आरोपियों में से केवल अनंत सिंह के ही गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत दी गई है, जबकि अन्य आरोपियों को ऐसी कोई छूट फिलहाल नहीं मिली है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया। माना जा रहा है कि 30 मई को होने वाली अगली सुनवाई में अदालत इस मामले में अपना अंतिम फैसला सुना सकती है।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन और गोपालगंज सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने मजबूत पैरवी की। उनकी दलीलों के बाद ही अदालत ने अनंत सिंह को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की। इस फैसले के बाद सियासी और कानूनी हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें 30 मई पर टिकी हुई हैं।

