
गोपालगंज,निज संवाददाता। बिहार को अपराध व अपराधियों से मुक्त करने के लिए चल रहे लगड़ा ऑपरेशन अभियान के तहत पुलिस ने गोपालगंज में देर रात 50 हजार के ईनामी आकाश का इनकाउंटर किया। घटना नगर थाना क्षेत्र के थावे-बंजारी बाईपास पर शनिवार तड़के की है। जहां पुलिस और 50 हजार के इनामी कुख्यात अपराधी आकाश सिंह के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया,जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, थावे थाना क्षेत्र के बढ़ईहाता गांव निवासी आकाश सिंह हत्या,हत्या के प्रयास,लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित करीब 12 संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ थावे,नगर व कुचायकोट थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में मुखिया पर फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में भी वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बताया जाता है कि पुलिस ने शुक्रवार देर रात उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने एक स्थान पर हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर नगर थाना क्षेत्र के थावे-बंजारी बाईपास स्थित स्थल पर हथियार बरामद करने पहुंची। इसी दौरान झाड़ियों से हथियार निकालते समय आकाश सिंह ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने तत्काल कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ चंदन कुमार अस्पताल पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर,डीआईयू टीम ओम प्रकाश चौहान व हरेंद्र प्रसाद,थावे थाना प्रभारी विभा कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

