
सेंट्रल डेस्क नई दिल्ली/ओमान। ओमान के तट से करीब 80 समुद्री मील दूर अरब सागर में रविवार सुबह एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी विराट-1 दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार 14 भारतीय नाविकों की जान खतरे में पड़ गई। हालांकि अमेरिकी नौसेना की त्वरित सहायता और भारतीय नौसेना के समन्वित बचाव अभियान के चलते सभी नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार,हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। समुद्र में फंसे नाविकों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और बाद में भारतीय नौसेना ने उनके सुरक्षित संरक्षण एवं आवश्यक सहायता की व्यवस्था की।अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जहाज को समुद्र में तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा,जिसके बाद यह आपात स्थिति उत्पन्न हुई। राहत की बात यह रही कि किसी भी नाविक के हताहत होने की सूचना नहीं है। भारतीय नौसेना ने अमेरिकी नौसेना के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बेहतर समुद्री समन्वय के कारण सभी 14 भारतीय नागरिकों की जान बचाई जा सकी। घटना के बाद नाविकों के परिजनों ने भी राहत की सांस ली है।

