
सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की सियासत में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता, छह बार के विधायक और पूर्व मंत्री रहे मानस भुइयां ने टीएमसी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सीधे मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को भेजा है। मानस भुइयां ने अपने इस्तीफे में आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस अपने मूल राजनीतिक सिद्धांतों और आदर्शों से भटक गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों से वह खुद को असहज महसूस कर रहे थे,जिसके कारण उन्होंने यह फैसला लिया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार,हाल के विधानसभा चुनावों में मिले झटकों के बाद टीएमसी के भीतर असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे समय में पार्टी के एक वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता का इस्तीफा ममता बनर्जी के लिए राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है। मानस भुइयां लंबे समय से पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उन्हें राज्य के अनुभवी नेताओं में गिना जाता है। उनके इस्तीफे से टीएमसी को संगठनात्मक स्तर पर नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि,मानस भुइयां के अगले राजनीतिक कदम को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि वह भविष्य में किसी अन्य दल का दामन थाम सकते हैं।
फिलहाल,मानस भुइयां के इस्तीफे ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और विपक्ष को टीएमसी पर हमला करने का एक नया मुद्दा मिल गया है।

