
गोपालगंज,निज संवाददाता। अश्लील डांस व हथियार लहराने से जुड़े चर्चित मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार,गायक गुंजन सिंह समेत सात आरोपियों को अदालत से बड़ी राहत मिली है। सोमवार को गोपालगंज सिविल कोर्ट स्थित एडीजे-3 सह एमपी-एमएलए कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी आरोपियों की जमानत याचिका मंजूर कर ली। यह मामला लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया के अधीन था और राजनीतिक व सामाजिक हलकों की नजर इस पर बनी हुई थी। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अदालत के समक्ष अपनी-अपनी दलीलें विस्तार से रखीं। बचाव पक्ष की ओर से पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन और सिविल कोर्ट के अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने तर्क दिया कि आरोपियों को दुर्भावनापूर्ण तरीके से मामले में फंसाया गया है। उन्होंने अदालत से कहा कि उपलब्ध साक्ष्य आरोपों को पर्याप्त रूप से स्थापित नहीं करते और उनके मुवक्किल जांच व न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने को तैयार हैं। वहीं,अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए मामले की गंभीरता का हवाला दिया और आरोपियों को राहत नहीं देने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें, गवाहों के बयान और केस डायरी का अध्ययन करने के बाद विशेष अदालत ने मामले की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अनंत सिंह,गुंजन सिंह सहित सभी सात आरोपियों को जमानत देने का आदेश पारित किया। हालांकि अदालत ने जमानत के साथ कुछ शर्तें भी लागू की हैं, जिनका पालन करना सभी आरोपियों के लिए अनिवार्य होगा। फैसले की जानकारी बाहर आते ही गोपालगंज,पटना और मोकामा में समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। समर्थकों ने इसे न्याय की जीत बताया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार,एमपी -एमएलए कोर्ट से मिली यह राहत अनंत सिंह के लिए कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर अहम मानी जा रही है।

