
छपरा, 05 जुलाई।
सारण जिले के जलालपुर प्रखंड अंतर्गत अशोक नगर गांव के युवा चिकित्सक डॉ. साई श्रवण ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में एमबीबीएस प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर अपने गांव के पहले पुरुष डॉक्टर बनने वाले डॉ. श्रवण का चयन अब किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ के गांधी मेमोरियल एवं संबद्ध अस्पताल के क्लिनिकल हेमेटोलॉजी विभाग में नॉन- पीजी जूनियर रेजिडेंट (यूआर) के पद पर अस्थायी रूप से किया गया है। यह नियुक्ति 23 जून 2026 को आयोजित वॉक- इन- इंटरव्यू के आधार पर हुई है। इस संबंध में डॉ साईं श्रवण के पिता सह प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता इंजीनियर ललित कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार डॉ. साई श्रवण की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से वरिष्ठ रेजिडेंट की उपलब्धता, डीजीएमई उत्तर प्रदेश के निर्देश अथवा नियमित चयन प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।
उन्होंने एमबीबीएस प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर जलालपुर प्रखंड अंतर्गत अशोक नगर गांव के पहले पुरुष डॉक्टर बनने का गौरव प्राप्त किया था। हालांकि अब देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल KGMU में जूनियर रेजिडेंट के रूप में नियुक्ति ने उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। डॉ. साई श्रवण की माता सह वैशाली के महनार में कार्यपालक दंडाधिकारी वीणा सिंह एवं इंजीनियर ललित कुमार सिंह के पुत्र हैं। डॉ. श्रवण की नियुक्ति की खबर मिलते ही अशोक नगर गांव, जलालपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है। सबसे अहम बात यह है कि आगामी 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले नीट पीजी की परीक्षा की भी तैयारी में जुटे हुए हैं। उनके माता- पिता ने इस सफलता का श्रेय बेटे की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और समाज के आशीर्वाद को दिया है।

