
अररिया:- 07 जुलाई:-हरिपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके संबोधन के दौरान लगातार होती बारिश ने पूरे कार्यक्रम को अलग ही माहौल दे दिया।
मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए इंद्रदेव का धन्यवाद किया और कहा कि अररिया में रोज ऐसी ही बारिश हो, ताकि किसानों को खेती में राहत मिले। मुख्यमंत्री के इस बयान पर मौजूद लोगों ने तालियां भी बजाईं।
हालांकि, सहयोग शिविर में लगभग सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, लेकिन कृषि प्रधान जिला होने के बावजूद कृषि विभाग का स्टॉल नहीं लगाया गया। इसे लेकर किसानों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। फारबिसगंज विधायक ने भी इस मुद्दे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जहां जिले की लगभग 60 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, वहां कृषि विभाग की अनुपस्थिति चिंता का विषय है।
बारिश ने माहौल को खुशगवार बनाया, लेकिन कृषि स्टॉल की कमी पूरे आयोजन की सबसे बड़ी चर्चा बन गई।

