

गोपालगंज,संवाददाता। जिले के प्रशासनिक महकमे में बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से घिरे गोपालगंज के दो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय और सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह को सम्राट सरकार ने निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई के बाद सरकार का यह कदम जिले के प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार,करीब दो माह पूर्व अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय के ठिकानों पर निगरानी की टीम ने छापेमारी की थी। वहीं, दो दिन पूर्व सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के आवास और कार्यालय पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। साथ एडीएम के पास 150 तो एसडीएम के पास से 84 प्रतिशत आय से अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले थे। लगातार दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ हुई निगरानी की कार्रवाई और अब दोनों के निलंबन से जिला प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। सरकारी महकमों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। आय से अधिक संपत्ति के मामलों में निगरानी की जांच और सरकार की कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी अधिकारियों की संपत्ति तथा उनके वित्तीय लेन-देन को लेकर जवाबदेही का सवाल खड़ा कर दिया है। अब सबकी निगाहें आगे होने वाली जांच और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं।
















