समस्तीपुर, 1 सितंबर (राजेश झा) जिले के कल्याणपुर स्थित पिछड़ा वर्ग छात्रावास में आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप विकास आयुक्त सुश्री शैलजा पांडे ने छात्रावास का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता एवं आवासीय व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के उपरांत उप विकास आयुक्त ने छात्रावास परिसर में “जीविका रसोई” का विधिवत उद्घाटन किया। यह रसोई जीविका समूह के माध्यम से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य छात्रावास में रह रहे बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना है। यह पहल न केवल छात्रों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगी, बल्कि उनके शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगी।

इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी (DWO) एवं जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका (DPM Jeevika) भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छात्रावास प्रबंधन एवं जीविका समूह को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के हितों की रक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे ने कहा, “प्रशासन का उद्देश्य है कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित आवास और पौष्टिक भोजन मिले। ‘जीविका रसोई’ की शुरुआत इस दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इससे न केवल बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि उनका समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि छात्रावास में किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, जीविका समूह की महिलाओं को इस अवसर के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त होने का भी अवसर मिलेगा।
यह पहल छात्रावास व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है, जिससे शिक्षा के साथ-साथ पोषण और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।

