मुंबई, 14 सितम्बर (अशोक “अश्क”) नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाला लोकप्रिय ओटीटी टॉक शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ अपने तीसरे सीजन के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। कॉमेडी किंग कपिल शर्मा द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो का आखिरी एपिसोड आगामी शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर प्रसारित किया जाएगा। दर्शकों को इस बार एक खास ट्विस्ट देखने को मिलेगा, जहां कपिल नहीं बल्कि सुपरस्टार अक्षय कुमार शो को होस्ट करते नजर आएंगे।

पहले दो सीजन की तरह इस बार भी दर्शकों को जबरदस्त हंसी का तड़का मिलने वाला है, लेकिन तीसरे सीजन को और खास बनाने के लिए मेकर्स ने 14 एपिसोड रखे हैं। आखिरी एपिसोड को खास बनाने के लिए न सिर्फ अक्षय कुमार मेहमान बनेंगे, बल्कि वो मंच संभालते हुए होस्ट की भूमिका में नजर आएंगे, वहीं सामने जज की कुर्सी पर विराजमान होंगे नवजोत सिंह सिद्धू।
अक्षय कुमार इस शो में अपनी आगामी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ को प्रमोट करने के लिए आएंगे। कपिल और अक्षय की केमिस्ट्री पहले भी दर्शकों को खूब पसंद आई है और हर बार की तरह इस बार भी मंच पर अक्षय का फुल एंटरटेनमेंट अवतार देखने को मिलेगा। इस एपिसोड की सबसे खास बात यह होगी कि अक्षय खुद होस्ट की भूमिका में होंगे, और सभी कॉमेडियन्स कृष्णा अभिषेक, किकू शारदा और सुनील ग्रोवर उनके मेहमान बनेंगे।
प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि अक्षय कुमार कपिल के साथ सोशल मीडिया पर आए फनी कमेंट्स पढ़ते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर के नीचे आए मजेदार कमेंट्स को पढ़ते हुए अक्षय ने पूरे मंच को ठहाकों से गूंजा दिया।
13 सितंबर को प्रसारित हुए पिछले एपिसोड में भी जबरदस्त मस्ती देखने को मिली थी। उस एपिसोड में साउथ सुपरस्टार जगपति बाबू, श्रिया सरन और तेजा सज्जा अपनी फिल्म ‘मिराई’ के प्रमोशन के लिए आए थे। कपिल ने उनके साथ जमकर मस्ती की और दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर डोज़ मिला।
इसी एपिसोड में कपिल शर्मा ने यह भी हिंट दिया कि नेटफ्लिक्स के साथ उनका कुल चार सीजन का ही कॉन्ट्रैक्ट है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि शो का चौथा और संभवतः आखिरी सीजन भी जल्द ही आ सकता है।
फिलहाल, तीसरे सीजन के इस धमाकेदार समापन एपिसोड का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, जहां मस्ती, गेम्स, और चुटीले सवाल-जवाबों की बारिश होगी।

