नई दिल्ली, 14 सितंबर (अशोक “अश्क”) एशिया कप 2025 के लीग मुकाबले में भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को न केवल मैदान पर शर्मिंदगी झेलनी पड़ी, बल्कि उसके फैंस का गुस्सा भी सोशल मीडिया पर फूट पड़ा। दुबई में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। लेकिन मैच के बाद जो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, वो थे पाकिस्तानी फैंस के तीखे रिएक्शन।

पाकिस्तान की टीम इस मुकाबले में सिर्फ 127 रन ही बना सकी थी, जिसे भारतीय टीम ने महज 16 ओवर में 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। मैच में कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह को 2-2 सफलताएं मिलीं। बल्लेबाज़ी में सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन की पारी खेली, वहीं युवा बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रन बनाए।
हार के बाद पाकिस्तानी फैंस का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा। एक फैन ने तो अपनी ही टीम को “बेबी टीम” कह दिया और बोला, “इंडिया दुनिया की बेस्ट टीम है। इन छोटे-छोटे बच्चों के साथ नहीं खेलना चाहिए।” वहीं एक अन्य फैन ने अपनी भड़ास निकालते हुए कहा, “मैं हर मैच देखने आता हूं, लेकिन अब लगता है खुद को जलील कराने आ रहा हूं। इस हरे झंडे के लिए आता हूं, लेकिन ये टीम बस शर्मिंदा कराती है।”
हेड कोच माइक हेसन को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। एक फैन ने तंज कसते हुए कहा, “बॉलर को बैटर बना रहे हो और बैटर को बॉलर। शाहीन से रन बनते देख खुश हो रहे हो और वह बॉलिंग कर ही नहीं पा रहा। ये टीम बंद कर दो यार।”
सबसे तीखी प्रतिक्रिया कुलदीप यादव को लेकर आई, जो लगातार पाकिस्तान के खिलाफ सफल रहे हैं। एक फैन ने कहा, “5 साल से कुलदीप यादव हमारी बैंड बजा रहा है। लेकिन कोई सीख नहीं रहा। सिर दर्द हो गया इनकी बैटिंग देखकर।”
पाकिस्तानी टीम की इस हार ने उसके आत्मविश्वास को झटका दिया है और फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। वहीं भारतीय टीम का प्रदर्शन एशिया कप में लगातार मजबूत होता जा रहा है।

