समस्तीपुर, 15 सितम्बर (राजेश झा) रोसड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोसड़ा–हथौड़ी मुख्य सड़क पर स्थित बलहा गांव में जल जमाव की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में सड़क तालाब में बदल जाती है।

इससे आम राहगीरों के साथ छोटे वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों के अनुसार, जल निकासी की सुविधा न होने से पानी सड़क पर लंबे समय तक जमा रहता है। यही नहीं, बड़े वाहनों के गुजरने पर सड़क का पानी आसपास के घरों के आंगन और दरवाजे तक पहुंच जाता है। कई बार पानी घर के अंदर तक घुस जाता है, जिससे लोगों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। महिलाएँ और बच्चे तो घर से बाहर निकलने में भी डरते हैं।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है। पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण साइकिल सवार, बाइक चालक, ऑटो और ई-रिक्शा चालक अक्सर गिर जाते हैं या वाहन पलट जाता है। इस वजह से आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। हाल ही में कई साइकिल और बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों को दी गई है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं, जिससे ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और मुख्य सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

