समस्तीपुर, 15 सितम्बर (राजेश झा) रोसड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह विशेष छापामारी अभियान चलाया। यह अभियान थानाध्यक्ष लाल बाबू कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। विशेष छापेमारी के दौरान टीम जब करियन गांव के समीप नवनिर्मित फोर लेन के पास पहुँची तो अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर तेज़ी से भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और तीनों को दबोच लिया।

तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के करूआ वार्ड 1 निवासी रामानंद राय के पुत्र अविनाश कुमार उर्फ अंकज कुमार,एरौत मुसहरी वार्ड 3 निवासी उमाकांत यादव के पुत्र सचिन कुमार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर वार्ड 9 निवासी कालेश्वरराय के पुत्र किशन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने एक देशी कट्टा ,एक जिंदा कारतूस , दो मोबाइल फोन,एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। विशेष छापामारी में पुलिस टीम के कई पदाधिकारी शामिल थे। इनमें पु०नि० सह थानाध्यक्ष लालबाबु कुमार , परि०पु०अ०नि० अनिश कुमार, स०अ०नि० राजनाथ कुमार तथा एल०टी०एफ० गार्ड शामिल रहे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी आपराधिक गिरोह से तो नहीं है और हथियार किस उद्देश्य से रखे गए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोर लेन मार्ग के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों की आवाजाही देखी जाती है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

