समस्तीपुर, 18 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) – जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय पोषण माह-2025 की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय परिसर से पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक जिलेभर में चलेगा। इस साल पोषण माह की थीम “सशक्त नारी, सशक्त परिवार” रखी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को सशक्त बनाना और पोषण संबंधित जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाना है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के माध्यम से बच्चों, युवतियों, और वृद्ध महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, स्क्रीनिंग और उपचार किया जाएगा।
डीएम ने यह भी बताया कि समय पर बीमारी की पहचान और उपचार से गंभीर रोगों से बचाव संभव है। स्कूल जाने वाली बच्चियों को पोषण, संतुलित आहार और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी जाएगी ताकि कुपोषण से बचाव हो सके। पोषण रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान महिला पर्यवेक्षिका और आंगनबाड़ी सेविकाओं ने समाहरणालय परिसर में रंगोली बनाकर और पैदल मार्च करते हुए मतदाता जागरूकता तथा पोषण अभियान की महत्ता को आम लोगों तक पहुँचाया।

