समस्तीपुर, 18 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 19 सितंबर को अपनी बिहार अधिकार यात्रा के तहत समस्तीपुर जिले में प्रवेश करेंगे। इस यात्रा के तहत वे रोसड़ा के अनुमंडल बाजार में दोपहर लगभग 02 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राजद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तैयारी की है।

पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम ने हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न चौक-चौराहों पर बैठकें आयोजित की और जनसंपर्क कर लोगों को 19 सितंबर को रोसड़ा में होने वाली जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा, “नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की यात्रा को लेकर आम जन में जबरदस्त उत्साह है। कार्यकर्ताओं में भी हर्ष और उमंग का माहौल है।”
सुनील कुमार पुष्पम ने यह भी दावा किया कि बिहार अधिकार यात्रा के दौरान जनसैलाब से भाजपा और जदयू में घबराहट और बेचैनी का माहौल है। उन्होंने बताया कि समस्तीपुर जिले में रोसड़ा से लेकर सिंघिया घाट तक लगभग 05 दर्जन तोरणद्वार लगाए जाएंगे। साथ ही, 250 बड़े फ्लैक्स और 3000 से अधिक झंडे लगाए जाएंगे। प्रचार गाड़ियों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
राजद के कार्यकर्ताओं द्वारा इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व विधायक ने दावा किया कि बिहार के लोग तेजस्वी यादव में बिहार का उज्जवल भविष्य देख रहे हैं और नीतीश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा, “अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की बनेगी।”
















