नई दिल्ली 26 सितंबर (अशोक “अश्क”) वरुण धवन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऋषभ शेट्टी और रुक्मिणि वसंत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ से सीधी टक्कर लेगी।

एक इंटरव्यू में वरुण धवन ने अपनी फिल्म को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ एक रोमांटिक फिल्म है जो दर्शकों से कोई भारी-भरकम वादा नहीं करती। हम ये नहीं कह रहे कि आपकी जिंदगी बदल जाएगी, लेकिन हम ये जरूर वादा करते हैं कि फिल्म देखने के बाद आपका मूड जरूर बदल जाएगा।”

वरुण ने आगे कहा कि यह फिल्म कोई ज्ञान देने वाली स्क्रिप्ट नहीं है, बल्कि एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज है। “जब आप थिएटर से बाहर निकलेंगे तो आपके चेहरे पर मुस्कान होगी। अगर आप किसी से नाराज हैं और उसके साथ फिल्म देखने जा रहे हैं, तो फिल्म खत्म होते-होते शायद आपकी नाराजगी भी दूर हो जाए,” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा।
फिल्म को लेकर वरुण का मानना है कि यह लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का काम करेगी।
अब जब बात बॉक्स ऑफिस क्लैश की आती है, तो 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती और दशहरा के मौके पर दोनों फिल्में रिलीज हो रही हैं। वरुण धवन और ऋषभ शेट्टी की फिल्मों की टक्कर को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज है।
कांतारा चैप्टर 1 को लेकर वरुण ने कहा, “यह एक बड़ी फिल्म है जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। ऋषभ की पहली फिल्म ने कमाल किया था और मैं उम्मीद करता हूं कि दूसरी फिल्म भी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।”
अब देखना यह दिलचस्प होगा कि मनोरंजन से भरपूर रोमांटिक फिल्म ज्यादा पसंद आती है या धार्मिक पृष्ठभूमि पर आधारित महाकाव्य कांतारा।

