नई दिल्ली, 29 सितम्बर (अशोक “अश्क”) साल 2017 में रिलीज हुई सामाजिक मुद्दे पर आधारित फिल्म ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ आज एक चर्चित और सफल फिल्म मानी जाती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शुरुआत में इस फिल्म को कोई भी हीरो करना नहीं चाहता था? यह खुलासा खुद अभिनेता अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में किया था। उन्होंने कहा, “इस फिल्म की स्क्रिप्ट इंडस्ट्री में लगभग साढ़े चार साल तक घूमती रही। कई हीरो को ऑफर हुई, लेकिन किसी ने भी इसे स्वीकार नहीं किया।”

अक्षय ने बताया कि जब उन्होंने स्क्रिप्ट पढ़ी तो उन्हें यह बेहद पसंद आई और उन्होंने हाथ जोड़कर नीरज पांडे से फिल्म मांगी। उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा कि मैं इस फिल्म में काम करना चाहता हूं।” शुरुआत में इस फिल्म का नाम ‘संडास: एक प्रेम कथा’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ कर दिया गया।
इस फिल्म का निर्देशन श्रीनारायण सिंह ने किया था और इसमें अक्षय कुमार के साथ भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म की कहानी ग्रामीण भारत में शौचालय की कमी और इसके कारण महिलाओं को होने वाली परेशानियों पर आधारित थी। साथ ही, इसमें एक प्रेम कहानी के जरिए सामाजिक संदेश को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
फिल्म का बजट करीब 18 करोड़ रुपये था और इसने भारत में 186.42 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि वर्ल्डवाइड इसका ग्रोस कलेक्शन 316.97 करोड़ रुपये रहा। यह फिल्म ना सिर्फ सुपरहिट साबित हुई, बल्कि इसने लगभग 11 अवॉर्ड भी अपने नाम किए।
वर्तमान में यह फिल्म ZEE5 पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है और IMDb पर इसे 10 में से 7.2 की रेटिंग मिली है।

