नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (अशोक “अश्क) धर्मा प्रोडक्शन की बहुप्रतीक्षित फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, रोहित सराफ और सान्या मल्होत्रा स्टारर इस रोमांटिक ड्रामा ने पहले दिन 6.5 करोड़ रुपये की कमाई की, जो बॉक्स ऑफिस पर इसकी धीमी शुरुआत मानी जा रही है।

फिल्म की रिलीज से पहले ऐसी अटकलें थीं कि यह फिल्म हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और बद्रीनाथ की दुल्हनिया की अगली कड़ी है और इसके लिए आलिया भट्ट पहली पसंद थीं। अब इन चर्चाओं पर फिल्म के डायरेक्टर शशांक खेतान ने खुद विराम लगाया है।
एक इंटरव्यू में शशांक खेतान ने स्पष्ट किया, “ये फिल्म कभी भी आलिया भट्ट को ऑफर नहीं की गई थी और ना ही ये दुल्हनिया फ्रेंचाइजी का हिस्सा है। इसे शुरू से ही सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के तौर पर लिखा गया था।”

उन्होंने कहा, “मैं आलिया को जानता हूं और जब मैं ये फिल्म लिख रहा था, तब वो पहले से ही दो-तीन प्रोजेक्ट्स में व्यस्त थीं। हम (वरुण, करण और मैं) आलिया के साथ अलग-अलग आइडियाज पर काम कर रहे थे, और कभी-कभी दुल्हनिया फ्रेंचाइजी को लेकर बात होती थी, लेकिन ये फिल्म उन चर्चाओं का हिस्सा नहीं थी।”
शशांक ने आगे बताया कि ये फिल्म दुल्हनिया यूनिवर्स से मिलती-जुलती जरूर है, लेकिन इसकी कहानी और किरदार बिल्कुल अलग हैं। “यह एक अलग फिल्म है और मैं इसको लेकर काफी उत्साहित हूं। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इसे कैसे स्वीकार करते हैं।”
फिल्म में रोमांस, ड्रामा और इमोशन का तड़का है और मेकर्स ने दर्शकों के लिए एक खास सरप्राइज एलिमेंट भी शामिल किया है। अब उम्मीद है कि वीकेंड पर फिल्म अपनी रफ्तार पकड़ सकेगी।

