समस्तीपुर, 10 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए वीवीआईपी और वीआईपी सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में विशेष शाखा, बिहार के अपेक्स प्रशिक्षण केंद्र, पटना में बुधवार को एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण में राज्य के विभिन्न जिलों से आए वीआईपी सिक्योरिटी एवं मॉनिटरिंग सेल के नोडल पदाधिकारी, एटीएस, एसएसजी और स्पेशल ब्रांच के कुल 82 डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को सभी जिलों में लागू करना है।
प्रशिक्षण में सुरक्षा प्रोटोकॉल, एस्कॉर्ट प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आकस्मिक परिस्थितियों से निपटना और संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया।
56 सदस्यीय ‘सिक्योरिटी पोल’ टीम का गठन किया गया है, जो एसपीजी की तर्ज पर वीआईपी सुरक्षा प्रदान करेगी। इसमें नियुक्त पुलिसकर्मियों के लिए विशेष ड्रेस कोड और अनुशासन के नियम भी निर्धारित किए गए हैं।

