मुंबई, 11 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर जहां फैंस और सितारे उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं एक खास पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने बिग बी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक दिलचस्प खुलासा किया है।
शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर अमिताभ बच्चन के साथ अपनी पुरानी फिल्म खुदा गवाह की कुछ तस्वीरें शेयर कीं और लिखा, “जिनसे मैं सीक्रेटली शादी करना चाहती थी, जब मैं उनकी फैन थी और जिन्होंने मुझे बतौर को-स्टार काफी कुछ सिखाया। आपको बर्थडे की बहुत बधाई अमित जी।

फोटोज में एक तस्वीर में शिल्पा बिग बी को हग करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में अमिताभ, शिल्पा के पीछे खड़े हैं। शिल्पा की ये पोस्ट उनके फैन मूमेंट को बयां करती है, जिसने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा है।

खुदा गवाह 1992 में रिलीज़ हुई थी, जिसमें अमिताभ बच्चन, श्रीदेवी, नागार्जुन, शिल्पा शिरोडकर, डैनी और किरण कुमार जैसे सितारे शामिल थे।
शिल्पा और बिग बी फिल्म हम में भी साथ नजर आए थे। इस फिल्म में रजनीकांत, गोविंदा, कादर खान और अनुपम खेर जैसे दिग्गज भी थे।
शिल्पा शिरोडकर जल्द ही तेलुगु फिल्म जटाधारा में नजर आएंगी, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा और सुधीर बाबू भी मुख्य भूमिका में हैं।

