नई दिल्ली, 14 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की बहुचर्चित फिल्म ‘थामा’ का नया गाना ‘पॉइजन बेबी’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है। इस गाने में 51 वर्षीय मलाइका अरोड़ा के ग्लैमरस अंदाज़ और दमदार डांस मूव्स ने 29 साल की रश्मिका मंदाना को भी पीछे छोड़ दिया है। महज 13 घंटे में यूट्यूब पर इस गाने को 39 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और फैंस इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

गाने को जैस्मीन सैंडलस, सचिन-जिगर और दिव्या कुमार ने अपनी आवाज दी है। गाने की शुरुआत मलाइका के स्टनिंग डांस से होती है, फिर आयुष्मान की दमदार एंट्री होती है और उसके बाद रश्मिका मंदाना की झलक देखने को मिलती है। इससे पहले ‘थामा’ का एक और गाना ‘दिलबर की आंखों का’ रिलीज हुआ था, जिसमें नोरा फतेही नज़र आई थीं। उस गाने ने भी यूट्यूब पर रिकॉर्ड व्यूज बटोरे थे। नोरा ने बताया था कि गाना रिलीज के 10 मिनट में ही 1.2 मिलियन व्यूज पार कर गया था।

फिल्म ‘थामा’ मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म है। इसे आदित्य सरपोतदार ने निर्देशित किया है और इसकी कहानी नीरेन भट्ट, सुरेश मैथ्यू और अरुण फलारा ने लिखी है। फिल्म में आयुष्मान और रश्मिका पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। साथ ही नवाजुद्दीन सिद्दीकी और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। यह फिल्म एक वैम्पायर की अनोखी प्रेम कहानी पर आधारित है और दीपावली पर 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

