नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) टीवी की मशहूर अदाकारा हिना खान ने एक बार फिर अपने अभिनय और स्टाइल से दर्शकों का दिल जीत लिया है। इस बार उन्होंने स्वर्गीय लता मंगेशकर के अमर गीत ‘जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा’ को अपने खास अंदाज में रीक्रिएट किया है।

यह गीत 1963 में आई फिल्म ‘ताजमहल’ का है, जिसे लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी ने गाया था। रोमांस से भरपूर यह क्लासिक ट्रैक आज भी श्रोताओं की जुबां पर चढ़ा हुआ है। हिना खान ने इसे नए जमाने की प्रस्तुति में ढालते हुए, इसकी भावनाओं को बरकरार रखते हुए एक अलग ही अंदाज में पेश किया है।
वीडियो में हिना खान का लुक बेहद ग्लैमरस और रॉयल नजर आ रहा है। उन्होंने आंखों में लाल लाइनर लगाया है, जो उनके एक्सप्रेशंस को और भी प्रभावशाली बना रहा है। उनका यह अंदाज मानो नैनों के बाण चला रहा हो।
हिना खान के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है और फैंस उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। उनके चाहने वालों का कहना है कि उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं, बल्कि परफॉर्मेंस के साथ क्लासिक गीतों को भी नए अंदाज में पेश करने में माहिर हैं।

