समस्तीपुर, 21 अक्टूबर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मंगलवार को समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 61 कंपनियों के कमांडिंग अफसरों के साथ अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएम कुशवाहा ने कहा कि जिले में अब तक 61 कंपनियाँ पहुँच चुकी हैं और कुल 120-125 कंपनियों की तैनाती संभावित है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान की जिम्मेदारी सभी बलों की है। उन्होंने निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था में कोई चूक बर्दाश्त नहीं होगी और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त हो।
उन्होंने 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित दो जनसभाओं को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश दिए। लॉ एंड ऑर्डर की कमान एसडीओ प्रथम संजय कुमार पांडेय को दी गई है।

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में 51 चेकपोस्ट सक्रिय हैं। सभी बलों को छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए जनता से सौम्य व्यवहार रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतदान दिवस पर हर केंद्र पर CAPF की तैनाती और 100% वेबकास्टिंग होगी। मीडिया को मतदान केंद्रों के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में एसडीपीओ, ट्रैफिक डीएसपी, कंपनी कमांडर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने, रात्रि गश्त, और सघन वीडियोग्राफी के निर्देश दिए गए।

