पटना, 30 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में 15 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। महागठबंधन प्रत्याशी तेजस्वी यादव के समर्थन में किए गए इस रोड शो में राबड़ी देवी ने जगह-जगह रुककर लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

राबड़ी देवी को देखने के लिए लोग घरों की छतों पर चढ़ गए। पूरे रास्ते में “तेजस्वी जिंदाबाद” और “लालू यादव अमर रहें” के नारे गूंजते रहे। हालांकि इस दौरान कुछ लोगों ने तेजस्वी यादव की शिकायत भी राबड़ी देवी से की। एक बुजुर्ग दंपती ने कहा, “आप लोग राघोपुर को सौतेला समझते हैं। आपका बेटा यहां आता नहीं, काम भी नहीं करता।”

जनता की नाराजगी के बीच राबड़ी देवी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि राघोपुर को किसी भी तरह से उपेक्षित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “राघोपुर के लोग बहुत उत्साहित हैं। वे तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाएंगे। हमारी सरकार बनने के बाद यहां विकास कार्यों की बाढ़ आएगी।”

गौरतलब है कि राघोपुर सीट से महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि एनडीए ने राबड़ी देवी को हराने वाले सतीश यादव को मैदान में उतारा है।

