
पटना, 31 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का चुनाव प्रचार तेज़ी पकड़ता जा रहा है। बिहार राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रभुराज नारायण राव ने बताया कि भाजपा-नीतीश गठबंधन को हराकर महागठबंधन की सरकार बनाने के उद्देश्य से आम जनता की दिलचस्पी बढ़ रही है। बदलते राजनीतिक परिदृश्य में बिहार के नौजवान प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं और रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती-किसानी और उद्योग जैसे मुद्दे इस चुनाव में प्रमुख चर्चा का विषय बन गए हैं।
प्रभुराज नारायण राव ने बताया कि चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य और पश्चिम बंगाल के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम, पूर्व पोलित ब्यूरो सदस्य बृंदा करात, पोलित ब्यूरो सदस्य सुभाषिनी अली और अमरा राम बिहार आ रहे हैं। ये नेता विभूतिपुर, मांझी, पिपरा और हायाघाट सहित कई अन्य विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि माकपा बिहार में विकास, सामाजिक न्याय और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर जनता को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। पार्टी का मानना है कि इन मुद्दों पर जनता के समर्थन से महागठबंधन को मजबूत किया जा सकता है।

