
गोपालगंज, 02 नवम्बर (निज संवाददाता) गोपालगंज के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र में आज चुनावी माहौल के बीच स्वच्छ और समृद्ध राजनीति की मिसाल देखने को मिली। जहां आमतौर पर चुनाव के दौरान दो दलों के आमने-सामने आने पर तनाव और हिंसक घटनाएं देखने को मिलती हैं, वहीं आज का दृश्य बिल्कुल विपरीत रहा। जदयू के प्रत्याशी एवं बाहुबली छवि के लिए प्रसिद्ध अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय और जनसुराज के प्रत्याशी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय चौबे के समर्थकों का आमना-सामना हुआ।
लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होने के बजाय सौहार्द्रपूर्ण बन गई। दोनों प्रत्याशियों ने एक-दूसरे से मिलकर हाथ मिलाया और मतदाताओं के सामने स्वच्छ राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया। पप्पू पांडेय ने बड़े होने के नाते विजय चौबे को प्रणाम कर राजनीतिक मर्यादा का परिचय दिया। इस दृश्य ने क्षेत्र के मतदाताओं में सकारात्मक संदेश दिया कि राजनीति विचारों की होनी चाहिए, न कि वैमनस्य की।

