समस्तीपुर, 5 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण के अंतर्गत कल 6 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए आज समस्तीपुर जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान दलों को ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) का वितरण कार्य शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुआ।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा के नेतृत्व में यह प्रक्रिया जिले के पांच डिस्पैच सेंटरों से की गई। इस दौरान अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षकों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोले गए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मशीनों का वितरण किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वितरण कार्य मतदान की तिथि से एक दिन पूर्व ही किया जाता है। मतदान दलों को रैंडमाइजेशन प्रणाली के माध्यम से उनके मतदान केंद्रों की मशीनें उपलब्ध कराई जाती हैं। वितरण के दौरान BU, CU और VVPAT की विस्तृत जांच-पड़ताल कर यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक मशीन सही केंद्र से संबंधित हो। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनें भी सेक्टर अधिकारियों को उपलब्ध कराई गईं।
डीएम कुशवाहा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षकों ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। मतदान दलों और वाहनों में GPS और e-Traces मोबाइल ऐप के माध्यम से रीयल टाइम मूवमेंट ट्रैकिंग की व्यवस्था भी की गई।
मतदान के बाद मशीनों को सुरक्षित रूप से Polled EVM Strong Room में रखा जाएगा, जबकि खराब मशीनों को अलग चिन्हित वेयरहाउस में संरक्षित किया जाएगा। प्रशासन के कुशल प्रबंधन से जिले में आगामी मतदान के लिए पूर्णतः सुव्यवस्थित वातावरण तैयार है।

