पटना, 06 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र से मतदान बहिष्कार का मामला सामने आया है। जहां एक ओर राज्यभर में मतदाता उत्साहपूर्वक वोट डाल रहे हैं, वहीं सुघराइन गांव के लोगों ने नाराजगी जताते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बूथ संख्या 285 और 286 पर सुबह से अब तक एक भी मतदाता मतदान केंद्र नहीं पहुंचा। दोनों केंद्र पूरी तरह खाली पड़े हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही सड़क की बदहाली को लेकर मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी थी, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। लगभग चार घंटे बीत जाने के बाद भी मतदान शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, पर ग्रामीण अपने फैसले पर अडिग हैं।
गांव के निवासी उमेश साह ने बताया कि “हमारा इलाका हसनपुर स्टेशन के पास है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए दो नदियां पार करनी पड़ती हैं। कुशेश्वरस्थान प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए भी कोई पक्का रास्ता नहीं है। वर्षों से किसी प्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया।” ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक सड़क और आवागमन की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वे मतदान से दूर रहेंगे।

