समस्तीपुर, 07 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में शुक्रवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में वंदे मातरम सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, कला संस्कृति एवं युवा विभाग तथा बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देश पर किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य एकता, बलिदान और मातृभूमि के प्रति आभार की भावना को सशक्त करना है। यह अभियान चार चरणों में आयोजित किया जाएगा—पहला चरण 7 से 14 नवंबर 2025, दूसरा 19 से 26 जनवरी 2026, तीसरा 7 से 15 अगस्त 2026 तथा चौथा 1 से 7 नवंबर 2026 तक चलेगा। विद्यालयों को गतिविधियों की फोटो, वीडियो और मीडिया कवरेज वेबसाइट Vandemataram150.in पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर गुप्ता के अनुरोध पर सभी विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित हुआ। सहभागियों को संस्कृति मंत्रालय की ओर से सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन भी प्रदान किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह व देशभक्ति की भावना का संचार हुआ।

