पटना, 08 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टियां प्रचार-प्रसार पर पानी की तरह पैसा बहा रही हैं। सड़क मार्ग के साथ-साथ अब चुनावी जंग आसमान में भी लड़ी जा रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रतिदिन लगभग 2.5 करोड़ रुपए हेलिकॉप्टर पर खर्च हो रहे हैं। इसमें सबसे आगे भारतीय जनता पार्टी है, जो रोज करीब 1.5 करोड़ रुपए में 12 हेलिकॉप्टर किराए पर ले रही है।

कुल मिलाकर नेता रोज 23 हेलिकॉप्टर से उड़ान भर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष हेलिकॉप्टर का उपयोग करते हैं, जबकि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव अपने-अपने तेज उड़न खटोलों से रैलियों में पहुंच रहे हैं। 16 अक्टूबर से 7 नवंबर तक पार्टियों ने करीब 42 करोड़ रुपए हेलिकॉप्टरों पर खर्च किए हैं। बीजेपी के 40 स्टार प्रचारक, जिनमें मोदी, अमित शाह, योगी और राजनाथ सिंह शामिल हैं, हवाई मार्ग से जनता तक पहुंच रहे हैं।

