नई दिल्ली, 10 नवम्बर (अशोक “अश्क”) राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम के मिजाज लगातार बदल रहे हैं और अब सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि 11 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गर्मी से राहत मिलने के साथ ही अब लोगों ने एसी और कूलर के बाद पंखे भी बंद करने शुरू कर दिए हैं।

रविवार सुबह दिल्ली में हल्की ठंडक बनी रही। दिन में सूरज निकलने के बावजूद लोगों को ठंड महसूस हुई, वहीं शाम होते ही सिहरन बढ़ गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.7 डिग्री अधिक है। राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 36 प्रतिशत दर्ज की गई।
रविवार को रिज क्षेत्र सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में 11, पालम में 11.9 और आया नगर में 10.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी के अनुसार, सोमवार को सुबह धुंध और हल्के कोहरे के साथ आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जो उत्तरी हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

