नई दिल्ली, 17 नवम्बर (अशोक “अश्क”) अजय देवगन और रकुल प्रीत स्टारर फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ 14 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज होने के बाद से बॉक्स ऑफिस पर लगातार तीन दिनों तक धमाल मचाती रही। फिल्म ने पहले दिन 8.75 करोड़, दूसरे दिन 12.25 करोड़ और तीसरे दिन 13.75 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। तीन दिन में कुल कमाई 34.75 करोड़ रुपये रही।

हालांकि, अब फिल्म मंडे टेस्ट के दौर से गुजर रही है, जो छुट्टियों के बाद वीकडेज में दर्शकों की प्रतिक्रिया और फिल्म की लंबी उम्र तय करता है। चौथे दिन यानी सोमवार तक फिल्म ने 0.85 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे कुल चार दिन का आंकड़ा 35.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्मीबीट के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 100 करोड़ रुपये है और तीन दिनों में वर्ल्डवाइड 54.25 करोड़ रुपये कमा चुकी है, यानी बजट के आधे से अधिक की कमाई हो चुकी है।
इसके साथ ही फिल्म की लीड एक्ट्रेस रकुल प्रीत की टॉप कमाई वाली फिल्मों में यह फिल्म चौथे नंबर पर आ चुकी है। इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर मौजूद ‘रनवे 34’ (35.49 करोड़) अब बाहर हो गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मंडे टेस्ट में फिल्म की रफ्तार धीमी रही, लेकिन शुरुआती हिट के आधार पर यह स्पष्ट है कि फिल्म आगे भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाए रखने की क्षमता रखती है।

