नई दिल्ली, 23 नवम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की मशहूर ऑनस्क्रीन जोड़ी दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर की केमिस्ट्री फैंस को हमेशा पसंद रही है। दोनों कई हिट फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी जोड़ी बड़े पर्दे पर नहीं दिखाई दी है। हाल ही में एक फैन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर फिल्ममेकर्स से दोनों को साथ में कास्ट करने की मांग की, जिसे दीपिका ने लाइक कर दिया। इस वजह से फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सोनालिका पुरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स से अपील करती नजर आती हैं, “रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण को साथ में कास्ट कीजिए। कोई अच्छी रॉम-कॉम हो तो बेहतर होगा। आप कहते हैं कि पिक्चर पैसे नहीं कमा रही, थिएटर में लोग नहीं आ रहे, लेकिन इस जोड़ी की पब्लिक अपीयरेंस से ही इतना बज़ क्रिएट होता है। उन्हें स्क्रीन पर वापस लाओ।”
वीडियो में सोनालिका आगे कहती हैं कि अच्छी स्क्रिप्ट लिखें और दोनों को कास्ट करें, क्योंकि दोनों टैलेंटेड और खूबसूरत हैं, साथ में दिखने पर हर कोई प्रभावित होगा। वीडियो पोस्ट होते ही कई यूजर्स ने रिएक्शन दिया। किसी ने ध्यान दिलाया कि दीपिका ने वीडियो लाइक किया, तो किसी ने लिखा, “क्या मैं सही देख रहा हूं? दीपिका ने ये वीडियो लाइक किया है।” एक यूजर ने मजाक में कहा, “आलिया भट्ट तक ये रील नहीं पहुंचनी चाहिए।” वहीं, तीसरे यूजर ने लिखा, “ओएमजी! दीपिका ने वीडियो लाइक किया, शायद वो खुद भी ये देखना चाहती हैं।”
फैंस की यह उत्सुकता और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो दोनों की ऑनस्क्रीन वापसी की उम्मीद को और बढ़ा रही है। अब सभी की निगाहें फिल्ममेकर्स पर हैं कि क्या वे इस फैंस की मांग को मानते हुए दीपिका और रणबीर की जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर लाएंगे।

