पटना, 24 नवम्बर (पटना डेस्क) राज्य की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शनिवार को उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के पटना, जहानाबाद और औरंगाबाद स्थित चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। करीब सात घंटे चली कार्रवाई में टीम ने नोट गिनने की मशीन मंगवाई, दस्तावेज खंगाले और परिजनों से पूछताछ भी की। छापेमारी की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर की गई थी।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आजाद ने 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अर्जित की है, जबकि शिकायत में 1.58 करोड़ रुपये आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप लगाया गया था। SVU अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा का मूल्यांकन जारी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

अनिल कुमार आजाद मूल रूप से जहानाबाद जिले के सुमेरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 1991 में उत्पाद विभाग में दरोगा के रूप में नौकरी शुरू की। पहली पोस्टिंग बेतिया में हुई। 1999 से 2002 तक वे पटना में दरोगा रहे। 2002 में उन्होंने पटना के कुख्यात स्प्रिट माफिया असलम खान की पत्नी मुन्नी खातून को गिरफ्तार कर सुर्खियां बटोरी थीं। बाद में वे इंस्पेक्टर बने और नालंदा, पूर्णिया, मधुबनी में तैनात रहे। इसके बाद समस्तीपुर और नवादा में अधीक्षक के रूप में सेवा दी। लगभग 20 महीने पहले उन्हें औरंगाबाद भेजा गया। वे दो महीने बाद रिटायर होने वाले हैं।
SVU की टीम शनिवार सुबह पटना के शिवपुरी आवास, जहानाबाद स्थित पैतृक घर, औरंगाबाद के सरकारी दफ्तर तथा किराए के मकान पर कोर्ट से जारी सर्च वारंट के आधार पर पहुंची। सभी स्थानों से दस्तावेज, बैंक पासबुक, संपत्ति संबंधी कागजात और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक तथ्य आय से अधिक संपत्ति की पुष्टि करते हैं और विस्तृत मूल्यांकन के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

