समस्तीपुर (राजन) उत्तर बिहार में आगामी 20 से 24 अगस्त के बीच मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 22 और 23 अगस्त को उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, कुछ जिलों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है जबकि अन्य जिलों में पछिया हवा सक्रिय रह सकती है।

किसानों के लिए सुझाव:
विशेषज्ञों ने किसानों को मौसमी परिस्थितियों के अनुसार सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 30 से 35 दिन पुरानी फसल में प्रति हेक्टेयर 30 किलोग्राम नाइट्रोजन का छिड़काव करने की सिफारिश की गई है। धान की फसल में खैरा रोग दिखाई देने पर प्रति हेक्टेयर 50 किलोग्राम जिंक सल्फेट और 25 किलोग्राम बुझा चूना को 500 लीटर पानी में मिलाकर साफ मौसम में छिड़काव करें।
मक्का की खड़ी फसल में तना छेदक कीट की निगरानी जरूरी है, क्योंकि यह कीट भारी नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं, हरी सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों में लाही, सफेद मक्खी और चूसक कीटों की सतत निगरानी रखें, ताकि समय पर उपचार किया जा सके।

