बक्सर, 01 दिसंबर (विक्रांत) बिहार सरकार के खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित विद्यालय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन रोहतास जिले में 02 से 04 दिसंबर 2025 तक किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बक्सर जिले की अंडर-14 और अंडर-17 बालक टीम को आज जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ. विद्यानन्द सिंह, उप विकास आयुक्त बक्सर श्री आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता श्री अरूण कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने झंडा दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी गई। अंडर-14 टीम में कैम्ब्रिज स्कूल के प्रियाशु मिश्रा, अंश सिंह, रिशि राज साह और फाउण्डेशन स्कूल के अमृत राज, अतुल्य कुमार सिंह, इशान पाण्डेय, आस्तिक कुमार पाण्डेय शामिल हैं। अंडर-17 टीम में फाउण्डेशन स्कूल के अभिषेक कुमार, उत्कर्ष सिंह, आयुष कुमार, सच्चिदानन्द पाण्डेय, रवि कुमार और उच्च विद्यालय खण्डरीचा के अभिषेक यादव का चयन हुआ है।मौके पर सहायक प्रखण्ड पदाधिकारी कन्हैया, कार्यपालक सहायक मदन, उपाध्याय राकेश रंजन, अश्वनी राय, वशिष्ठ प्रसाद और त्रिलोकी नाथ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर बक्सर का नाम रोशन करने की अपेक्षा जताई।

