समस्तीपुर, 15 दिसम्बर (राजेश झा) रोसरा प्रखंड के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब ‘द टीचर फ्यूचर मेकर’ की ओर से आयोजित शिक्षक प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 में प्रखंड के आठ नवाचारी और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। यह भव्य समारोह बिहार विधान परिषद के उपसभापति सभागार, पटना में आयोजित हुआ, जहां शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षकों को सम्मान मिला।

सम्मानित शिक्षकों में राकेश कुमार, ठाकुर राज कुमार, आलोक कुमार, महामाया चौधरी, जितेंद्र कुमार यादव, पंकज कुमार और गणेश पोद्दार शामिल हैं। इन सभी शिक्षकों को बिहार विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेम कुमार, एससीईआरटी के उपनिदेशक संजय कुमार, पूर्व कुलपति रमेश चंद्र, सीआईडी बिहार के निदेशक विपिन कुमार चौधरी और राष्ट्रीय डॉल्फिन शोध केंद्र पटना के निदेशक डॉ. गोपाल शर्मा के कर-कमलों से सम्मान प्रदान किया गया।सम्मान समारोह के बाद शिक्षकों के रोसरा लौटने पर प्रखंड संसाधन केंद्र में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज झा ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ये शिक्षक शिक्षा जगत की रीढ़ हैं, जो बच्चों को आनंददायी और नवाचारी माहौल में शिक्षण प्रदान कर रहे हैं।इस अवसर पर लेखपाल विकास प्रियदर्शी, डाटा एंट्री ऑपरेटर संजय कुमार, केआरपी अनीता कुमारी सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे, जिन्होंने शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

