
बक्सर, 19 दिसंबर (विक्रांत) बक्सर जिले की दानवीर, ममतामयी माता धरिक्षणा कुंवरि की पुण्यतिथि डी.के. कॉलेज परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी के नेतृत्व में शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने माता धरिक्षणा कुंवरि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

सादे लेकिन भावपूर्ण समारोह में पूरे परिसर का माहौल श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी ने कहा कि दानवीर धरिक्षणा कुंवरि आज भी समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्श, त्याग और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न केवल पुण्यतिथि बल्कि उनके जन्मदिवस को भी भव्य रूप से मनाया जाना चाहिए, ताकि छात्र-छात्राएं उनके जीवन संघर्ष और समाजसेवा से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने डी.के. कॉलेज को उनके आदर्शों की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे निरंतर मेहनत और समर्पण से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. राजू मोची, सीनेट सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. उषा रानी, डॉ. रवि रंजन पाण्डेय, डॉ. राम सुभग सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।वहीं शिक्षकेत्तर कर्मियों में मनोज कुमार सिंह उर्फ टेल्हा सिंह, रेवती रमण मिश्रा, अर्चना सिन्हा, अभिमन्यु सिंह सहित अन्य कर्मियों की उपस्थिति ने समारोह को गरिमा प्रदान की।

