
पटना, 23 दिसम्बर (सेंट्रल डेस्क) बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने मंगलवार को एक साथ दो बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।

पहले मामले में सिवान जिले के सिसवन थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक कन्हैया सिंह को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी की टीम ने दबोच लिया है। वे सीवान-रघुनाथपुर मार्ग पर स्थित महाराणा प्रताप चौक के समीप बबलू चाय दुकान से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए गए हैं। वे सिसवन थाना कांड संख्या 309/25 में परिवादी सुनील कुमार से मदद के लिए 40 हजार ले रहे थे। इस मामलें में निगरानी की टीम ने निगरानी थाना कांड संख्या 117/25 दर्ज कर उन्हें विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पटना जिले के मसौढ़ी अंचल के नदौल पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी राजा कुमार को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। राजस्व संबंधी कार्य के निष्पादन के एवज में उसने मोटी रकम की मांग जहानाबाद जिले के धनौती गांव निवासी रविश कुमार से की थी।

जिसके बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी मो वसीम फिरोज ने धावा दल के साथ उसे अंचल कार्यालय से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पूर्व से सत्यापन के बाद जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 118/25 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

