नई दिल्ली, 13 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) ‘बिग बॉस 7’ फेम और बॉलीवुड एक्ट्रेस एली अवराम ने हाल ही में एक इंटरव्यू में सलमान खान की जमकर तारीफ की। एली ने कहा कि सलमान की वजह से इंडस्ट्री में कभी किसी ने उनके साथ बदतमीजी नहीं की। उन्होंने बताया कि कई सालों बाद गणपति सेलिब्रेशन में उनकी सलमान से मुलाकात हुई और वो आज भी उनके टच में हैं।

एली ने कहा, “मैं किसी से मदद नहीं मांगती, यहां तक कि अपने पिता से भी नहीं। लेकिन सलमान खान मेरे लिए हमेशा एक गार्जियन की तरह रहे हैं। इंडस्ट्री में कई लड़कियों के अनुभव सुनकर मैं चौंकी, लेकिन मुझे धीरे-धीरे समझ आया कि लोग सलमान से डरते हैं, इसलिए वे मेरे साथ बुरा बर्ताव करने की हिम्मत नहीं करते।”
एली ने सलमान के प्रोटेक्टिव नेचर की सराहना करते हुए कहा, “वो अपने लोगों का बहुत ख्याल रखते हैं। मैं इसके लिए उनकी हमेशा आभारी रहूंगी।”
बता दें कि एली ने ‘मिकी वायरस’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वे ‘किस किस को प्यार करूं’ और कई हिट गानों जैसे ‘छम्मा छम्मा’ और ‘हर फन मौला’ में नजर आईं।

