नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (अशोक “अश्क”) टीवी रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ के अपकमिंग एपिसोड में एक भावुक पल देखने को मिलेगा, जब कैंसर सर्वाइवर एक्ट्रेस हिना खान और सोनाली बेंद्रे दर्शकों के एक नेक कदम से भावुक हो जाती हैं। हिना जहां शो की कंटेस्टेंट हैं, वहीं सोनाली इसकी होस्ट की भूमिका निभा रही हैं।

प्रोमो के अनुसार, रुबीना दिलैक को एक टास्क दिया जाता है जिसमें उन्हें दर्शकों में से किसी एक को अपने बाल कटवाने के लिए मनाना होता है। रुबीना एक महिला को इसके लिए तैयार कर लेती हैं, जो कैंसर मरीजों के लिए विग बनाने के उद्देश्य से अपने बाल दान करने का फैसला करती है।
बाल कटवाने से पहले रुबीना बताती हैं कि ये कदम कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए है।

यह सुनकर हिना खान और सोनाली बेंद्रे भावुक हो जाती हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर रोने लगती हैं। हिना महिला को गले लगाते हुए कहती हैं, “हर दिन मैं विग पहनती हूं… आपको अंदाजा नहीं है कि इस बाल दान से किसी को कितनी खुशी मिल सकती है।” वहीं सोनाली बेंद्रे उस महिला की तारीफ करते हुए कहती हैं, “आपका दिल आपकी खूबसूरती से कहीं ज्यादा सुंदर है।”

‘पति पत्नी और पंगा’ शो ने BARC की 40वें हफ्ते की रेटिंग में टॉप 10 में एंट्री की है और फिलहाल 10वें स्थान पर है। अविका गौर और मिलिंद चंदवानी की शादी वाले एपिसोड से टीआरपी में उछाल आया था।
हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो को नवंबर में ऑफएयर किया जा सकता है और इसकी जगह एकता कपूर का ‘नागिन 7’ शो लेगा। इसके पीछे गिरती टीआरपी को वजह बताया जा रहा है।

