
बक्सर, 31 जनवरी (विक्रांत) आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को डी.के. कॉलेज, डुमरांव में आईक्यूएसी के तत्वावधान में एक दिवसीय स्मार्ट निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वित्तीय साक्षरता के साथ-साथ सुरक्षित और जिम्मेदार निवेश के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की मौजूदगी ने इसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से संबद्ध स्मार्ट ट्रेनर डॉ. अजीत कुमार मौर्य रहे।

उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में सही जानकारी के अभाव में लोग आसानी से फर्जी निवेश योजनाओं और साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। इसलिए वित्तीय साक्षरता आज की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।डॉ. मौर्य ने बचत, निवेश, बीमा, म्यूचुअल फंड, पेंशन योजनाओं और शेयर बाजार की बुनियादी जानकारी को सरल और रोचक अंदाज में समझाया। उन्होंने निवेश से पहले जोखिम और प्रतिफल के संतुलन को समझने पर विशेष जोर दिया। साथ ही फर्जी कॉल, लालचपूर्ण ऑफर, ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए।उन्होंने सेबी द्वारा संचालित SMART (Securities Market Awareness and Research Training) कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आम निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और जिम्मेदार निवेश के लिए प्रशिक्षित करना है।

उन्होंने प्रतिभागियों से केवल पंजीकृत और अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से निवेश करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वीणा कुमारी ने मुख्य वक्ता डॉ. अजीत कुमार मौर्य को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. फैसल खान सहित अनेक शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

