
गोपालगंज,निज संवाददाता। बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घरेलू विवाद और पति के कथित संबंधों से परेशान एक विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपरी हिस्से पर देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। महिला की पहचान मोहनपुर गांव निवासी सोनम शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उनकी शादी वर्ष 2019 में विजयीपुर थाना क्षेत्र के खूटहां गांव में हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था,जो समय के साथ बढ़ता चला गया। परिजनों और महिला का आरोप है कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से कथित संबंध है। इसी बात को लेकर लंबे समय से परिवार में तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि लगातार तनाव और विवाद के कारण महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। रविवार सुबह अचानक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पुलिस और मुखिया प्रतिनिधि आलोक तिवारी ने टावर के नीचे से महिला से लगातार बातचीत की और उसे शांत रहने तथा नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। घटना के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि महिला को समझा- बुझाकर शांत कराया गया है तथा दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच और पारिवारिक विवाद के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि जिले की यह पांचवी घटना है। भोरे के बनकटा जागीरदारी से पांच माह पहले शुरू हुआ मामला अभी थमने का नाम नही ले रहा है।

